रेपिस्ट ढोंगी तांत्रिक को जेल: अब चेले व बेटे की तलाश, दिल्ली में घर पर नहीं मिले, सम्भावित ठिकानों पर तलाश

तंत्र-मंत्र से भूत-प्रेत भगाने का दावा कर अजमेर की युवती से रेप करने वाले ढोंगी तांत्रिक के बेटे व चेले की पुलिस को तलाश है। उनको पकड़ने के लिए उनके दिल्ली स्थित आवास पर भी पहुंची, लेकिन वे नहीं मिले। ऐसे में पुलिस अब उनको सम्भावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। फिलहाल पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा। वहीं, पुलिस ने ढोंगी तांत्रिक को रिमांड अवधि पूरी होने पर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, बदनामी व लोकलाज के डर से कोई भी नया पीड़ित पुलिस के सामने नहीं आया।
ढोंगी तांत्रिक बाबा नई दिल्ली निवासी राजेन्द्र कुमार वाल्मिकी (49) पुत्र विशंबर दयाल को आदर्श नगर थाना पुलिस ने 19 मार्च को अजमेर से ही गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ अजमेर की युवती ने रेप कर ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज कराया। पुलिस को पूछताछ के दौरान कईं बातों का पता चला। ढोंगी तांत्रिक टेक्सी चालक था और तंत्रमंत्र के नाम पर रेप, ठगी के साथ नौकरी दिलाने का झांसा देकर भी रकम ऐंठता था। पुलिस ने रिमांड अवधि पूरी होने पर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।
ठगी की रकम आरोपी ने अपने बेटे अभिषेक के खाते में ली और अजमेर में वारदात में सह आरोपी पवन था। पवन भी दिल्ली में टेक्सी चलाता है। पुलिस ने दोनों के आवास पर दबिश दी लेकिन नहीं मिले। अब कॉल डिटेल व पूछताछ में पता चले सम्भावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। वहीं आरोपी को दिल्ली पुलिस भी गिरफ्तार कर सकती है। दिल्ली पुलिस को शक है कि दिल्ली से लापता एक 17 साल की किशोरी के मामले में तांत्रिक का हाथ है।। आरोपी ने रेप कर हत्या कर दी। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने अजमेर पुलिस से जानकारी मांगी, जो अजमेर पुलिस ने जानकारी उपलब्ध करा दी।
यह है मामला
अजमेर निवासी 22 वर्षीय पीड़िता ने 19 मार्च को आदर्श नगर थाने पर रिपोर्ट दी कि वह रिश्तेदार की शादी मे दिल्ली गई थी। वहां उसे उसके पिताजी के मामा ने एक ढोंगी तांत्रिक राजेन्द्रसिंह से मिलवाया। ढोगी ने घर में मृत्यु दोष और एक खतरनाक भूत की बात बताई। सबसे पहले छोटी बेटी, फिर पिताजी और फिर उसकी मृत्यु होने का भय दिखाया। उपाय के लिए पूजा करने की बात कही।घर के ऊपरी हिस्से में बड़ी संतान के शामिल होने की बात बताकर उसके साथ रेप किया। बाद में भी ऐसा कई बार किया। इसके बाद 19 मार्च को जब तांत्रिक फिर से घर आया तो पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत की। इस पर अजमेर पुलिस ने ढोंगी तांत्रिक बाबा नई दिल्ली निवासी राजेन्द्र कुमार वाल्मिकी (49) पुत्र विशंबर दयाल को गिरफ्तार कर लिया।